शैक्षणिक व सांस्कृतिक आदान-प्रदान यात्रा के लिए 50 युवा कर्नाटक रवाना

जयपुर। मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर ने गुरुवार 7 मई की शाम युवा संगम चरण 6 के फ्लैग-ऑफ समारोह का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर राजस्थान के 50 युवा प्रतिनिधियों को शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान यात्रा के लिए कर्नाटक राज्य के लिए रवाना किया गया। राजस्थान के प्रेषक उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में नामित एमएनआईटी जयपुर ने प्रतिनिधिमंडल को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी धारवाड़ (कर्नाटक) के लिए रवाना किया, जहां प्रतिभागी 8 से 15 मई तक आयोजित आठ दिवसीय अनुभवात्मक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारत सरकार की एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अंतर्राज्यीय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान के जरिए राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना और युवाओं के बीच पारस्परिक समझ को बढ़ावा देना है। कर्नाटक प्रवास के दौरान प्रतिभागी युवा संगम के 5 पी मतलब पर्यटन, परंपरा, प्रगति, प्रौद्योगिकी और पारस्परिक संपर्क से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में संस्थागत एवं औद्योगिक भ्रमण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, खेल गतिविधियां, स्थानीय पर्यटन और संवादात्मक सत्र शामिल हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागी "माय युवा संगम स्टोरी: एक्सपीरियंसिंग नेशनल इंटरग्रेशन इन डायवर्सिटी” विषय पर अपने अनुभवों को निबंध के रूप में भी साझा करेंगे, जो युवाओं के अनुभवों और सांस्कृतिक सीख का एक राष्ट्रीय संकलन बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *