जयपुर। जिले में गुरुवार 14 मई को मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के अवसर पर चिकित्सा संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित एमसीएचएन डे सत्रों में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को विभिन्न टीके लगाए गए। साथ ही जिले में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत बालिकाओं का निःशुल्क टीकाकरण भी किया जा रहा है। आरसीएचओ प्रथम डॉ. आशा मीणा ने बताया कि इस दौरान गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि जिलेभर में आयोजित टीकाकरण की जिला व ब्लॉक स्तर से प्रभावी मॉनिटरिंग की गई, जिससे सभी लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेकर स्वयं और अपने बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रखें।



