जयपुर। जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूसी की बैठक शुक्रवार 15 मई को आयोजित हुई। इस बैठक में जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए करोड़ों रुपए की अहम प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गईं। बैठक में जोन-सी में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मानसरोवर के मध्यम मार्ग पर ड्रेनेज पाइपलाइन के निर्माण के लिए 1357.98 लाख रुपए और स्वर्ण पथ, रजत पथ और विजय पथ पर मुख्य सड़कों के नवीनीकरण व नाला निर्माण के लिए 690.51 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। जोन-सी में विभिन्न सिविल मरम्मत कार्यों के लिए 496.86 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। यातायात सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जोन-17 के अंतर्गत न्यू सांगानेर रोड पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए एट-ग्रेड यू-टर्न सुविधा के निर्माण के लिए 27.42 करोड़ रुपए की कार्योत्तर मंजूरी दी गई है। जोन-8 में सांगानेर क्षेत्र के अंतर्गत एचटी लाइन के नीचे सड़कों के निर्माण के लिए 9.09 करोड़ रुपए और जोन-पीआरएन में खोरा बीसल से जयरामपुरा फार्म हाउस योजना तक सड़क निर्माण व नवीनीकरण के लिए लगभग 3.44 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। शहर में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जेडीए मुख्यालय स्थित सिटीजन केयर सेंटर भवन के जीर्णोद्धार व विकास कार्य के लिए लगभग 7.94 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। साथ ही लालकोठी स्थित जेडीए परिसर के पुनर्विकास एवं रिप्लानिंग की कंसल्टेंसी सेवाओं के लिए 4.36 करोड़ रुपए कार्योत्तर स्वीकृति दी गई है। जेडीए क्षेत्र में वर्ष 2026-27 के लिए बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 4.48 करोड़ रुपए और जोन-17 में सीकर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 7.36 करोड़ रुपए की कार्योत्तर स्वीकृति जारी की गई है। इस बैठक में सचिव डॉ गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी (तृतीय) संजीव जैन, ओएसडी (आरएम) परमेश्वर सिंह, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय पूनिया सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



