जयपुर। सहकारिता विभाग में कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने, कार्यालयों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छ सहकार, समृद्ध सहकार’ विशेष अभियान सोमवार 4 मई से शुरू हुआ। यह अभियान प्रधान कार्यालय एवं अधीनस्थ कार्यालयों में 4 से 29 मई तक चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा। इसमें कार्यालयों की साफ-सफाई सहित चिह्नित रिकॉर्ड और कबाड़ के निस्तारण की कार्यवाही की जाएगी। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर नेहरू सहकार भवन में सभी अनुभागों एवं भवन में स्थित सहकारी संस्थाओं के कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यस्थल की स्वच्छता और व्यवस्थित कार्यप्रणाली पर जोर दिया। डॉ. शर्मा ने कहा कि कार्यालयों में रिकॉर्ड के अव्यवस्थित प्रबंधन, अनुपयोगी सामग्री के संधारण एवं अस्वच्छता से राजकार्य प्रभावित होता है और आमजन में विभाग की नकारात्मक छवि बनती है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यालय साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहेगा तो ना केवल कार्य करने का सकारात्मक माहौल बनेगा बल्कि कार्यों के निष्पादन में भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे वांछित रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने से विभिन्न बीमारियों के खतरे को भी कम किया जा सकता है।



