श्री नृसिंहजी मंदिर में पाटोत्सव 12 मई से

जयपुर। चांदपोल बाजार के नींदड़ रावजी का रास्ता स्थित मंदिर श्री नृसिंहजी अग्रवाल पंचायत समिति का त्रिदिवसीय पाटोत्सव 12 से 14 मई तक आयोजित होगा। यहां
12 मई को शाम 7 से रात 10 बजे तक नृसिंह लीला होगी। वहीं 13 मई की शाम 7 बजे से वराह लीला का आयोजन होगा। फिर 14 मई को भगवान का पटोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर श्री नृसिंह अग्रवाल पंचायत समिति क़े अध्यक्ष चेतन अग्रवाल और मंत्री कैलाशचंद अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भगवान नृसिंह मंदिर में हवन, अभिषेक, महाआरती और भंडारे सहित विविध आयोजन होंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और बांदरवाल से सजाया जाएगा। समिति की उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल सांस्कृतिक मंत्री जुगल अग्रवाल और कार्यक्रम संयोजक राधा गोविन्द अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर समिति के सदस्य सपत्नीक गणेश-गौरी, कलश, वास्तु पुरुष, सोडश मातृका, दस दिग्पाल का विधिवत पूजन कर नृसिंह भगवान का पंचामृत, फल, सर्वोषधि, फलों के रस सहित अन्य सुगंधित द्रव्यों से वेद मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक करेंगे। अभिषेक के बाद ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराकर फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। इससे पूर्व अग्नि प्रज्ज्वलित कर यज्ञ देवता को विश्व कल्याण की कामना के साथ आहुतियां अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में संतो महंत के साथ ही जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडलों के पदाधिकारी सहित समाज के लोग शिरकत करेंगे। मंदिर महंत पं. मनमोहन शर्मा के सान्निध्य में नृसिंह भगवान सहित अन्य विग्रहों का अभिषेक कर पूजन होगा। यहां 12 मई भगवान श्री नृसिंह अवतार की व 13 मई को भगवान वराह अवतार की सजीव झांकी निकाली जाएगी। दोनों दिवस मुख्य झांकी से पहले भगवान हनुमानजी की जीवंत झांकी निकली जाएगी।झांकी मंदिर से रवाना होकर चांदपोल के विभिन्न मार्गों से निज मंदिर पहुंचेगी। चांदपोल बाजार स्थित रामचंद्रजी मंदिर, हनुमानजी मंदिर, सतगुरु मंदिर सहित जगह-जगह नृसिंह भगवान की आरती और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। वहीं समाजसेवी और स्थानीय वासी जगह-जगह स्टॉल लगाकर शर्बत, शिकंजी, आमरस, आइसक्रीम का वितरण करेंगे। अध्यक्ष चेतन अग्रवाल ने बताया कि घी वाला परिवार की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कलकत्ता से लाए फूलों और मालाओं से विशेष स्वागत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *