जयपुर। राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर और भारत विकास परिषद, वैशाली नगर के संयुक्त तत्वावधान में “परिंडा अभियान” का आयोजन शनिवार 9 मई को सूरज मैदान में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए जल एवं दाना उपलब्ध कराने के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा। इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक परिंडे लगाकर पक्षियों के संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सभी से अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने की अपील भी की। विद्यालय की प्राचार्या सुनयना नागपाल ने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियान बच्चों में सेवा, संवेदनशीलता और प्रकृति प्रेम की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जीवों के प्रति दया भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुष्कर उपाध्याय, राजेंद्र गुप्ता, वंदना मेहरोत्रा, तुलसी संगतानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर मदर्स डे के उपलक्ष में स्कूल में विशेष मदर्स डे कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यालय परिसर प्रेम, सम्मान और भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया। बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में गीत, कविता, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए मातृत्व के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में कई मनोरंजक गतिविधियाँ एवं गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनमें माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समिति के पुष्कर उपाध्याय और अजय गुप्ता ने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि संस्कारों की प्रथम गुरु भी होती है। ऐसे आयोजन बच्चों में परिवार एवं संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। इस कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त सचिव राजेंद्र गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।



