राजमेस में संविदा भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों के लिए चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू

जयपुर। चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) द्वारा विभिन्न संवर्ग के संविदा पदों पर राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स-2022 के तहत आयोजित भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति एवं पदस्थापन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग द्वारा जारी सूचना व आदेश के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को “राजहेल्थ पोर्टल” के माध्यम से ऑनलाइन चॉइस फिलिंग कर अपने इच्छित पदस्थापन स्थान के विकल्प प्रस्तुत करने होंगे। राजमेस द्वारा जारी आदेशानुसार संविदा नर्स ग्रेड-2, संविदा लैब टेक्नीशियन, संविदा स्पीच थैरेपिस्ट/ऑडियोलॉजिस्ट और संविदा फिजियोथैरेपिस्ट पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए यह प्रक्रिया लागू की गई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा उपलब्ध करवाई गई चयनित अभ्यर्थियों की सूची के आधार पर नियुक्ति एवं पदस्थापन की आगामी कार्यवाही की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को विभागीय वेबसाइट www.rajhealth.rajasthan.gov.in पर लॉग-इन कर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक सूचनाओं की पूर्ति करनी होगी। इसके बाद अभ्यर्थी अपने इच्छित पदस्थापन स्थान के लिए ऑनलाइन विकल्प प्रस्तुत कर सकेंगे। सूचना के अनुसार चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 8 मई से शुरू होकर 14 मई तक संचालित रहेगी। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा। उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी द्वारा विकल्प प्रस्तुत नहीं किए जा सकेंगे। विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों को समय रहते प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं ताकि नियुक्ति एवं पदस्थापन कार्य सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। राजमेस द्वारा जारी निर्देशों में यह भी उल्लेख किया गया है कि अभ्यर्थियों को पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना होगा। संबंधित अभ्यर्थियों को दस्तावेज एवं वांछित सूचनाएं सही एवं पूर्ण रूप से भरने के लिए कहा गया है, जिससे पदस्थापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न नहीं हो। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा एवं निदेशक राजमेस बाबूलाल गोयल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं अभ्यर्थी हितैषी बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन विकल्प प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपनी चॉइस फिलिंग अवश्य पूर्ण करें ताकि नियुक्ति आदेश जारी करने की आगामी प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *