जयपुर। राजस्थान को कृषि नवाचार, एग्रीटेक निवेश और तकनीक आधारित कृषि विकास का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में कृषि विभाग, राजस्थान द्वारा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) और राजस्थान फाउंडेशन के सहयोग से ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत शुक्रवार 8 मई को हैदराबाद में एक महत्वपूर्ण इनवेस्टर मीट आयोजित की जा रही हैं, जिसमें कृषि, एग्रीटेक, आईटी, बीज प्रौद्योगिकी, संरक्षित खेती और कृषि अनुसंधान से जुड़े प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ भाग लेंगे। रोडशो के दौरान “स्कोप ऑफ आईटी इंटरवेंशन एंड टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन इन एग्रीकल्चर” विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी।
पैनल चर्चा में आईटीसी, कोरोमंडल, नुजिवीडु सीड्स, खेयती, आईसीआरआईसैट व इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑयलसीड्स रिसर्च (आईआईओआर) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। चर्चा के दौरान राजस्थान में एग्रीटेक विस्तार, तकनीकी नवाचार, इंटर-स्टेट सहयोग और कृषि निवेश के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। उनके साथ राजस्थान के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ किरोड़ीलाल, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों, उद्योगपतियों और राजस्थान फाउंडेशन के सदस्यों के साथ विशेष संवाद भी करेंगे, जिसमें राजस्थान में कृषि आधारित निवेश, एग्रीटेक स्टार्टअप्स, प्रोसेसिंग, सप्लाई चेन और तकनीकी साझेदारी के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।



