रूफ टॉप सौर ऊर्जा में जयपुर डिस्कॉम को मिली सर्वाधिक प्रोत्साहन राशि

जयपुर। केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान ग्रिड कनेक्टेड रूफ टॉप सोलर क्षमता जोड़ने पर जयपुर विद्युत वितरण निगम को 60 करोड़ रूपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि मंजूर की है। मंत्रालय द्वारा निगम को प्रदान की गई यह अब तक की सर्वाधिक प्रोत्साहन राशि है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश में रूफ टॉप सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे रूफ टॉप सौर ऊर्जा के प्रति उपभोक्ताओं के रूझान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अभूतपूर्व पहल पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लागू होने से इसमें और इजाफा हुआ है। ऊर्जा परिदृश्य में आए इस बदलाव का लाभ जयपुर डिस्कॉम को मिल रहा है। विद्युत वितरण निगम केन्द्रीय नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में जोड़ी गई सोलर रूफ टॉप क्षमता के आधार प्रोत्साहन राशि का क्लेम प्रस्तुत करते हैं। इसके आधार पर एमएनआरई यह राशि मंजूर करता है। मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान पहले चरण में विभिन्न राज्यों के 14 वितरण निगमों को 1422 करोड़ रूपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। जयपुर विद्युत वितरण निगम को इस अवधि में 187 मेगावाट अतिरिक्त रूफ टॉप सौर ऊर्जा क्षमता जोड़ने पर 60.03 करोड़ रूपए की राशि प्रदान की गई है। इसके अन्तर्गत वाणिज्यिक एवं औद्योगिक, सामाजिक, राजकीय, संस्थाओं एवं घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना सहित अन्य सभी प्रकार से लगाए गए रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं। इससे पहले जयपुर डिस्कॉम को रूफ टॉप सौर ऊर्जा क्षमता में बढ़ोतरी के आधार पर वर्ष 2019-20 में 14.98 करोड़, 2020-21 में 23.61 करोड़, 2021-22 में 29.13 करोड़, 2022-23 में 14.94 करोड़ और 2023-24 में 22.20 करोड़ रूपए की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई थीे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *