जयपुर। माली सैनी समाज विकास आदर्श संस्था के तत्वावधान में सोडाला के स्वेज फार्म स्थित नारायणगढ़ पैलेस गार्डन में सर्व समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर से बारात निकासी के साथ की गई, जहां महंत श्रीश्री 1008 अवधेश महाराज जगतगुरूदेव ने हरी झंडी दिखाकर बारात को रवाना किया। बारात में शामिल दूल्हों के बराती विभिन्न मार्गों से होते हुए नृत्य करते हुए माता सावित्री बाई फूले सर्किल और नंदपुरी मंगल मंच से गुजरते हुए विवाह स्थल पहुंचे। वहां वधु पक्ष ने वर पक्ष को माला व साफा पहनाकर और तिलक लगाकर बारात का स्वागत किया। इसके बाद सीवाला, तोरण और वरमाला जैसी पारंपरिक रस्में संपन्न हुईं। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर सेवानिवृत्त डीजीपी रवि प्रकाश मेहरडा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेविका भाविका मील, मेघवाल समाज के प्रदेशाध्यक्ष मनीष, श्रीश्री 1008 अवधेश महाराज (सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर) व ज्योतिषाचार्य पंडित पुरुषोत्तम गौड़ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
संस्था के अध्यक्ष रमेश सैनी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज में फिजूलखर्ची को रोकना, मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों को समाप्त करना और दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि नवदंपतियों को गृहस्थी के लिए आवश्यक सामान और आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के भामाशाहों ने कन्यादान के रूप में उपहार दिए। साथ ही सभी नवविवाहितों को संकल्प दिलाया कि वे कन्या भ्रूण हत्या का विरोध करेंगे और बालिकाओं की शिक्षा में बाधा नहीं आने देंगे। अंत में वर-वधु के माता-पिता को सम्मानित किया गया और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का समापन दुल्हा-दुल्हन की विदाई के साथ हुआ। आयोजक रमेश सैनी ने सभी के सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए बताया कि आगामी सर्वजातीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन 3 मई को इसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा।



