प्रदेश के किसानों को दिन में भी बिजली देने का संकल्प

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष-2027 तक प्रदेश में किसानों को दिन के दो ब्लॉक में बिजली उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए अजमेर डिस्कॉम जल्द ही प्रदेश का पहला ऐसा विद्युत वितरण निगम होने जा रहा है, जहां सभी जिलों में दिन के दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति सुलभ हो सकेगी। फिलहाल यहां नागौर और चित्तौड़गढ़ जिले को छोड़कर बाकी सभी जिलों में कृषि उपभोक्ताओं को यह बिजली मिल रही है। ऊर्जा विभाग की शासन सचिव एवं चेयरमैन डिस्कॉम्स आरती डोगरा ने बुधवार 6 मई को विद्युत भवन में दो ब्लॉक सप्लाई को लेकर अजमेर एवं जोधपुर वितरण निगम के प्रबंध निदेशकों, प्रसारण निगम और जयपुर विद्युत वितरण निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। इस दौरान विद्युत तंत्र को मजबूत कर प्रसारण निगम एवं वितरण निगमों से संबंधित दिन में दो ब्लॉक सप्लाई की बाधाओं को दूर करने, ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि इत्यादि विषयों पर समीक्षा की गई। डोगरा ने निर्देश दिए कि अजमेर डिस्कॉम के नागौर सर्किल में प्रसारण निगम द्वारा 220 केवी जीएसएस निर्माण और डिस्कॉम द्वारा इससे जुड़ने वाले 33 केवी के 4 सब स्टेशनों में ट्रांसमिशन क्षमता वृद्धि और इंटर कनेक्शन के कार्य आगामी जून माह तक पूरे कर लिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नागौर जिले में प्रसारण निगम द्वारा 220 केवी ग्रिड सब स्टेशन बिरलोका का निर्माण प्रगति पर है। इस जीएसएस के बनने से 33 केवी के चार सब स्टेशनों से दिन में दो ब्लॉक में सप्लाई दी जा सकेगी। इनके अतिरिक्त क्षमता वृद्धि एवं इंटर कनेक्शन के कार्य पूर्ण होने से 33 केवी के डेह, करनू, डेउ और कुरची स्थित जीएसएस से जुड़े क्षेत्रों में वितरण निगम तीन के स्थान पर दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति कर सकेगा। डिस्कॉम एवं प्रसारण निगम के संबंधित मुख्य अभियंताओं को इन कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। निगम के चित्तौड़गढ़ जिले में भी दो ब्लॉक विद्युत आपूर्ति के लिए ओएण्डएम और ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। ऊर्जा सचिव ने जयपुर और जोधपुर वितरण निगम के उन सभी अधीक्षण अभियंताओं से भी समीक्षा की, जहां कुछ सब स्टेशनों में फिलहाल तीन व चार ब्लॉक में भी कृषि उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जा रही है। डोगरा ने इन अभियंताओं से राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप दो ब्लॉक सप्लाई के लिए आवश्यक ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण, ट्रांसमिशन क्षमता में वृद्धि आदि के कार्य योजनाबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में प्रदेश के 41 में से 24 जिलों में कृषि उपभोक्ताओं को दो ब्लॉक में सप्लाई दी जा रही है। इसके अन्तर्गत अजमेर डिस्कॉम में नागौर और चित्तौड़गढ़ को छोड़कर बाकी सभी 12 जिले, जयपुर डिस्कॉम में 15 में से 9 जिले और जोधपुर डिस्कॉम में 12 में से 3 जिले शामिल हैं।

इन 24 जिलों में केवल दो ब्लॉक सप्लाई–
अजमेर डिस्कॉम में अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, राजसमंद, डूंगरपुर, सीकर व झुंझुनूं जिले शामिल हैं। जयपुर डिस्कॉम में धौलपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डीग, भरतपुर, दौसा, करौली जिले शामिल हैं। जोधपुर डिस्कॉम में जालोर, सिरोही व पाली जिलों में दो ब्लॉक आपूर्ति की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *