108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ में गूंजे वैदिक मंत्र

जयपुर। राजधानी के विद्याधर नगर स्थित श्री पापड़ वाले हनुमानजी मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। महायज्ञ में देश-प्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर विश्व शांति, मानव कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण की कामना की।
महायज्ञ का आयोजन संत रामसेवक दासजी महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है। यज्ञाचार्य पंडित सतीश शास्त्री ने वैदिक विधि-विधान के साथ ठाकुरजी की पूजा-अर्चना और स्थापित देवी-देवताओं का नित्य पूजन संपन्न कराया। इसके बाद 108 यज्ञ कुंडों में वैदिक मंत्रों के बीच हवन शुरू हुआ। आयोजन समिति के अनुसार दूसरे दिन लगभग 225 जोड़ों ने यज्ञ में हिस्सा लेकर घी एवं विशेष यज्ञ सामग्री से लगभग 10 लाख आहुतियां दी। यज्ञ के दौरान वातावरण “जय श्रीराम” और वैदिक मंत्रों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ यज्ञ में सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग यज्ञ कुंडों की परिक्रमा करते हुए नजर आए। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े।
महायज्ञ के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और छाया की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के स्वयंसेवक लगातार सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं और श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
मंदिर प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया है। रात के समय मंदिर की छटा देखते ही बन रही है। विद्याधर नगर क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह बना हुआ है और प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
आयोजन की व्यवस्थाओं में पूर्व पार्षद कमल गुप्ता का विशेष सहयोग देखने को मिल रहा है। वे दिन-रात व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में संत प्रवचन, भजन संध्या एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *