तार व इलास्टिक फैक्ट्री, आरओ प्लान्ट में बिजली चोरी पकड़ी

जयपुर। जयपुर विद्युत वितरण की सतर्कता शाखा ने बुधवार 6 मई को सीतापुरा और पत्रकार कॉलोनी उपखण्ड क्षेत्र में गहन सतर्कता जांच की। इस दौरान तार फैक्ट्री, इलास्टिक फैक्ट्री एवं आरओ प्लांट में बिजली चोरी के 3 मामले पकड़े। जिन पर कुल 26 लाख 37 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि अधिशाषी अभियंता (सतर्कता) केसी गुप्ता द्वारा सीतापुरा विद्युत सब डिविजन के रामचन्द्रपुरा औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक मध्यम उद्योग की तार फैक्ट्री की जांच में पाया गया कि मीटर से पूर्व केबल काटकर, अतिरिक्त केबिल जोडकर जमीन के रास्ते फैक्ट्री के अन्दर चैंज ओवर लगाकर विद्युत चोरी की जा रही थी। इस पर वीसीआर भरी गई और 19 लाख 54 हजार 473 रूपए का जुर्माना लगाया गया। फैक्ट्री के कनेक्शन को काटकर मीटर, अवैध केबिल व चेन्ज ओवर जब्त कर लिए गए। इसी फैक्ट्री के सामने एक इलास्टिक फैक्ट्री में भी बिजली चोरी पायी गयी, जिस पर 1 लाख 53 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया है। कनेक्शन काटकर अवैध केबल जब्त कर ली गई। वहीं सहायक अभियंता सतर्कता जेसीसी पुखराज मीना ने पत्रकार कॉलोनी विद्युत सब डिविजन के श्रीकृष्णा नगर-ए, गणपतपुरा स्थित आरओ प्लांट की जांच में निगम के एलटी पोल पर अवैध केबल जोडकर की जा रही विद्युत चोरी पकड़ी, जिस पर 5 लाख 30 हजार 175 रूपए का जुर्माना लाया गया। मौके पर कनेक्शन काटकर अवैध केबल जब्त कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) ने बताया कि फैक्ट्रियों और आरओ प्लान्ट में बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थी, जिस पर टीम को मौके पर भेजकर सतर्कता जांच करवाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *