मिलावटी दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

जयपुर। राज्य सरकार द्वारा संचालित “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के अंतर्गत ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डॉ. टी. शुभमंगला, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर के निर्देशन और डॉ. रवि शेखावत, अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम के नेतृत्व में दूध में मिलावट करने वाले विक्रेताओं, संग्रहकर्ताओं एवं मिलावटी दूध लेने वाली डेयरियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। गत 10 मई को गठित दो खाद्य सुरक्षा दलों ने देर रात तक विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण एवं कार्रवाई करते हुए दूध संग्रहकर्ता शंकर जाट, निवासी सिंगोद खुर्द और विजेन्द्र कुमार यादव, निवासी गोविन्दगढ़, चौमूं जयपुर के यहां से जांच के लिए दूध के नमूने लिए। इस
कार्रवाई के दौरान संग्रहकर्ताओं के यहां संकलित दूध के स्रोतों की भी पहचान की गई ताकि मिलावटी दूध के नेटवर्क तक पहुंच बनाई जा सके। निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर विजेन्द्र कुमार यादव को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान द्वारा मिलावटी दूध के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चार विशेष खाद्य सुरक्षा दलों का गठन किया गया है। ये दल दूध उत्पादकों, संग्रहकर्ताओं एवं विक्रेताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्र कर संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई निरंतर एवं औचक रूप से जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *