जयपुर। राजधानी जयपुर के आगरा रोड स्थित निर्वाण विश्वविद्यालय में हरियाली से आच्छादित परिसर और खिले हुए वातावरण के बीच सैकड़ों छात्र-छात्राएं, योगाचार्य और आमजन ने योगाभ्यास किया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के 100 दिवसीय काउंटडाउन अभियान के तहत भव्य योग महोत्सव मनाया गया। विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस.एल. सिहाग ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि योगाचार्य ढाकाराम ने योग के जरिए स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का अनूठा संदेश दिया। विश्वविद्यालय के
कुलपति प्रो. एस.एल. गोदारा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनाने का आह्वान किया। उपकुलपति प्रो. भावना देथा ने योग महोत्सव जैसे कार्यक्रमों के आयोजन पर प्रशंसा जताई। कुलसचिव डॉ. सी.एम. राजोरिया ने बताया कि कार्यक्रम में बस्सी उपखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। साथ ही योगाचार्य, जनप्रतिनिधिगण एवं मीडिया प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।विशेषाधिकारी डॉ संजय खन्ना ने बताया कि सुबह 7 से 7:45 बजे तक आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। योगाचार्यों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए, जिससे प्रतिभागियों में ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार हुआ। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सुनियोजित तैयारियां की गईं, जिसके परिणामस्वरूप आयोजन व्यवस्थित एवं प्रभावशाली रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नेचुरोपैथी योगिक साइंस स्कूल के निदेशक प्रोफेसर धर्म सिंह मीणा, प्रज्ञा योग एलायंस के डॉ. कपिल केसरी, आयुर्वेद विभाग से सेवानिवृत अतिरिक्त निदेशक डॉ प्रकाश शर्मा, डॉ रमाकांत शर्मा, डॉ कमलेश, डॉ यशपाल सिंह सहित गणमान्य उपस्थित रहे। इस दौरान मीडिया से आए वरिष्ठ पत्रकारों और योगा संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।




