"अपेक्स मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन 2026" आयोजित

जयपुर। अपेक्स यूनिवर्सिटी में “अपेक्स मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन 2026” का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय सम्मेलन में जयपुर के विभिन्न महाविद्यालयों से आए 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सम्मेलन के अंतर्गत छह प्रमुख समितियों आईपीएल नीलामी, अंतरराष्ट्रीय महिला आयोग, महाभारत विषय, अखिल भारतीय राजनीतिक दल बैठक, अंतरराष्ट्रीय प्रेस सहित अन्य का संचालन किया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर गंभीर चर्चा, वाद-विवाद एवं विचार-विमर्श के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय विदेश सेवा (सेवानिवृत्त) के सुरेश के. गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कूटनीति एवं वैश्विक परिदृश्य पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। इस अवसर पर अपेक्स यूनिवर्सिटी के निदेशक वेदांशु जुनिवाल और कुलपति प्रो. रघुवीर सिंह ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान अपेक्स यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. रघुवीर सिंह ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिंदगी को जीना आसान नहीं होता बल्कि जिंदगी जीना आसान बनाना पड़ता है। कुछ सब्र करके, कुछ बर्दाश्त करके और बहुत कुछ नजर अंदाज करके। उन्होंने अनुशासन, समर्पण एवं सतत प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र सिंह शेखावत (आरएएस) उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर नम्रता पारीक (विशेष न्यायाधीश, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, धौलपुर), विधि विभाग की विभागाध्यक्ष मोनिका मिश्रा और वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी देवेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से छह समितियों के प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। यह सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व क्षमता, कूटनीति, तार्किक चिंतन एवं संवाद कौशल विकसित करने का प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *